बस्ती। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव व पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने रविवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना व पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर व कडर मंदिर पुरानी बस्ती का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गर्भगृह, मंदिर परिसर, कांवड़ यात्रा मार्ग, श्रावण मेला, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, यातायात, अग्निशमन, विद्युत, पीडब्लूडी व अन्य विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं व कांवड़ यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
इस दौरान पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






