*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इंदिरा गॉधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित समारोह में प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत मिड-डे मील रसोईयों का मानदेय रूपये 02 हजार प्रतिमाह से बढ़ाकर रूपये 03 हजार प्रतिमाह किये जाने की घोषणा की गयी।*
*मुख्यमंत्री द्वारा मिड-डे मील रसोईयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित किये जाने का किया गया शुभारंभ।*
*मुख्यमंत्री द्वारा रसोईयों को ड्रेस/साड़ी हेतु मिलने वाली वार्षित धनराशि रूपये 500 से बढ़ाकर रूपये 1000 करने की घोषणा की गयी।*
*मुख्यमंत्री द्वारा रसोईयों को मानदेय वृद्धि व मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का प्रतीकात्मक चेक एवं चिकित्सा कार्ड प्रदान कर किया गया सम्मानित।* *मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 03 लाख 53 हजार से अधिक रसोईयों को 02 लाख रूपये की सामाजिक सुरक्षा हेतु स्टेट बैंक आफ इंडिया के साथ एमओयू का किया गया निष्पादन/हस्तांतरण।*
*मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के समस्त रसोईयों, शिक्षकों, शिक्षा मित्रों एवं शिक्षण कार्मिकों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।*
*मुख्यमंत्री द्वारा मिड-डे मील रसोईयों को एक साथ 04 योजनाओं/सुविधाओं से लाभान्वित किये जाने से सम्बंधित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, डीएम, अधिकारीगणों, रसोईयों एवं शिक्षण कार्मिकों द्वारा देखा और सुना गया।* *जनप्रतिनिधि, डीएम, सीडीओ व भारी संख्या में रसोईयों की उपस्थिति में जनपद में रसोईयों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन।*
संवाददाता देवानंद पांडेय
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इंदिरा गॉधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के समस्त बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत मिड-डे मील रसोईयों को एक साथ 04 योजनाओं/सुविधाओं से लाभान्वित किये जाने की घोषणा की गयी।
मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 03 लाख 53 हजार से अधिक मिड-डे मील रसोईयों का मानदेय रूपये 02 हजार प्रति माह से बढ़ा कर रूपये 03 हजार प्रतिमाह किये जाने की घोषणा की गयी साथ ही साथ मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के रसोईयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित किये जाने का किया गया शुभारंभ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा रसोईयों को ड्रेस/साड़ी हेतु मिलने वाली वार्षित धनराशि रूपये 500 से बढ़ाकर रूपये 1000 करने की घोषणा की गयी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा रसोईयों को 02 लाख रूपये की सामाजिक सुरक्षा हेतु स्टेट बैंक आफ इंडिया के साथ एमओयू का निष्पादन/हस्तांतरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों को मानदेय वृद्धि, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा का प्रतीकात्मक चेक एवं चिकित्सा कार्ड तथा ड्रेस किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने इस अवसर पर इंदिरा गॉधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिसर के विद्यालयों में कार्यरत समस्त रसोईया बहनों को प्रदेश सरकार द्वारा उनके मानदेय में वृद्धि, प्रति वर्ष रूपये 05 लाख तक की मुफ्त चिकित्सा से सम्बंधित मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ, रूपये 02 लाख की समाजिक सुरक्षा की गारंटी एवं प्रतिवर्ष ड्रेस /साड़ी हेतु मिलने वाले 500 रूपये से बढ़ा कर 1000 रूपये किये जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दिया। उन्होंने समस्त रसोईया बहनों को रक्षाबन्धन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबन्धन त्योहार से ठीक पहले हमारे प्रदेश के समस्त रसोईया बहनों को प्रदेश सरकार द्वारा उपरोक्त 04 उपहारों का सौगात दिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी रसोईया बहने प्रदेश के एक करोड़ 46 लाख से अधिक बच्चों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार कर उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भोजन से बच्चों में स्वस्थ मस्तिक का विकास होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोईया के मानदेय वृद्धि, 05 लाख रूपये तक की वार्षिक मुफ्त चिकित्सा सुविधा हेतु मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड के साथ-साथ रसोईयां का बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक में होने पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में रूपये 02 लाख की सामाजिक सुरक्षा की गारण्टी दी गयी। उन्होंने बेसिक शिक्षा में शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, शिक्षण कार्मिकों के साथ-साथ मिड-डे मील रसोईयों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कोरोना काल के दौरान रसोईयों के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से लेकर अब तक प्रदेश के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा में विभिन्न योजनाओं जैसे-कायाकल्प, प्रोजेक्ट अलंकार, निपुण भारत अभियान आदि के माध्यम से विद्यालयों के इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित समस्त गुणवत्तायुक्त शिक्षा हेतु समस्त मूलभूत सुविधाओं में आशातीत सुधार है, जिससे आज विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता में असर देखा जा रहा है और बच्चों को वाक्य विन्यांस, गणित एवं विज्ञान की अच्छी समझ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं कुशल मार्ग दर्शन में प्रदेश सरकार अपनी जनता के लिए 18 घण्टा कार्य करते हुए उनकी सुख, सुविधा एवं समृद्धि के साथ-साथ उनकी जीवन शैली उन्नत बनाने की दिशा में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत तक मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का मॉडल भी आने वाला है।
मुख्यमत्री ने कहा कि जिस देश का बचपन स्वस्थ होगा उसी देश का भविष्य भी स्वस्थ एवं समर्थ होगा। उन्होंने प्रदेश में ‘‘नकल मुक्त-अकल युक्त’’ शिक्षा प्रणाली की नई व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज विद्यालयो में डिजिटल लाईब्रेरी, स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं बच्चों को मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विकसित भारत की सोच की आधारशिला शिक्षा ही है, शिक्षा की उपेक्षा कर हम एक विकसित राष्ट्र की कल्पना भी नहीं कर सकते।मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में पिछले 09 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विकास के समस्त क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे में जो सकारात्मक परिवर्तन किया है उसका असर आज समाज में दिख रहा है।इसी क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, विधायक खलीलाबाद प्रतिनिधि मुरलीधर जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मिड-डे मील रसोईयों के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथिगणों एवं अधिकारीगणों को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा योजना के शुभारंभ समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारीगणों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं रसोइयों सहित उपस्थित अन्य संभ्रांत नागरिकगणों द्वारा देखा और सुना गया।इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रसोइयों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना का प्रतीकात्मक कार्ड व शॉल/अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सबसे बुजुर्ग एवं सबसे कम उम्र की रसोईयां को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगणों, रसोईयों, शिक्षकों एवं मीडिया का आभार एवं सरकार द्वारा रसोईयों के मानदेय में वृद्धि एवं मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना सहित एक साथ 04 योजनाओं/सुविधाओं से आच्छादित किये जाने के निर्णय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समस्त रसोईयों को शुभकामनाएं दिया तथा कहा कि आज प्रदेश सरकार की उक्त योजनाओं के शुभारम्भ से जनपद की 3189 रसोईयों को लाभ मिलेगा। उन्होंने जनपद की समस्त रसोईयों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा/माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में सरकार द्वारा घोषित योजनाओं को जनपद स्तर पर पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बुनियादी शिक्षा व्यवस्था में रसोईयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज के निर्माण में रसोईया मॉ की तरह विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य का ख्याल रखती है। उन्होंने सभी रसोईयों से अपील किया कि वे पूरी गम्भीरता, जिम्मेदारी एवं अपनेपन की भावना के साथ निर्धारित मिनू के अनुसार बच्चों का मिड-डे मील तैयार करे, विद्यालय का किचेन साफ-सुथरा रखे और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखे जिससे बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहे।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी खलीलाबाद महेन्द्र प्रसाद, जनार्दन, खण्ड शिक्षा अधिकारी सेमरियांवा अशीष सिंह, डी0सी0 एम0आई0एस0 बजरंगी लाल, जिला समन्यवक रजनीश वैद्य सहित भारी संख्या सम्मानित रसोईयां बहने उपस्थित रही।






