संत कबीर नगर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को विधानसभा धनघटा के हैंसर मंडल में भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि के नेतृत्व में युवाओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं सहित आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगाए गए देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

यात्रा को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि ने कहा कि तिरंगा हिंदुस्तान की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर तिरंगे की रक्षा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की शपथ भी दिलाई।






