बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज देवरिया
देवरिया *‘हर घर तिरंगा’* अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 14.08.2026 को जनपद देवरिया में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा बाइक रैली को पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजित आर. शंकर द्वारा पुलिस लाइन देवरिया स्थित प्रेक्षागृह से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
तिरंगा बाइक रैली में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ प्रतिभाग किया। पुलिस कर्मियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर *‘हर घर तिरंगा’* अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया तथा आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया।
रैली पुलिस लाइन देवरिया से प्रारम्भ होकर पुलिस लाइन तिराहा, रुद्रपुर मोड़ तिराहा, रोडवेज बस स्टैण्ड, सुभाष चौक, पूरवा तिराहा, सोमनाथ मंदिर मार्ग एवं मालवीय रोड होते हुए पुनः सुभाष चौक एवं रोडवेज बस स्टैण्ड से होकर पुलिस लाइन देवरिया पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया।
रैली के दौरान मार्ग में लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। तिरंगे से सुसज्जित बाइक रैली के माध्यम से पुलिस विभाग ने स्वतंत्रता दिवस के गौरव, राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं देशप्रेम का संदेश दिया। साथ ही आमजन को *‘हर घर तिरंगा’* अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए जागरूक किया गया।
रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई तथा सभी प्रतिभागियों द्वारा यातायात नियमों एवं अनुशासन का पालन करते हुए रैली को व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनन्द कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्री संजय रेड्डी, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन श्री गौरव सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री रामजन्म राम, प्रभारी डायल-112 श्री अजय कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री शशि भूषण राय, उपनिरीक्षक यातायात श्री गुलाब सिंह सहित पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
देवरिया पुलिस द्वारा *‘हर घर तिरंगा’* अभियान के माध्यम से जनपदवासियों से आह्वान किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव एवं एकता की भावना को प्रदर्शित करें और इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
हेमन्त कुशवाहा (सह मंण्डल प्रभारी)






