
ब्यूरो खीरी अमरनाथ बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज़।
संपूर्णानगर खीरी। कस्बे में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी समस्या को लेकर समाजसेवी और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि संपूर्णानगर क्षेत्र में दिन और रात के समय बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के चलते लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं की जाती। इससे जनता में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही लाइन फाल्ट और तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की भी अपील की गई।
इस दौरान बीडीसी ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी दिनेश शर्मा, मंडलअध्यक्ष कांग्रेस पार्टी संजय कुमार, जिला सचिव कांग्रेस कमेटी दिनेश चंद्र गुप्ता, खादी ग्रामोद्योग व्यवस्थापक राज कमल तिवारी सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






