
संत कबीर नगर। जिले में अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना दुधारा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कम्पोजिट शराब की दुकान पर छापेमारी के दौरान जल-मिश्रित संदिग्ध नकली शराब की 51 बोतल, अद्धा और पौवा बरामद किए। मौके से शराब बिक्री से प्राप्त 28,212 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को उप आबकारी आयुक्त बस्ती प्रभारी एस.पी. पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी संत कबीर नगर संजय कुमार, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-01 बस्ती कमलकान्त यादव तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 मेंहदावल बसंत प्रसाद आबकारी टीम के साथ कम्पोजिट दुकान अब्बासगंज भिटिया का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे।निरीक्षण के दौरान दुकान में रखी संदिग्ध मदिरा की मौके पर एल्कोहल मीटर से जांच की गई। जांच में शराब की तीव्रता निर्धारित मानक से कम पाई गई। पुलिस के अनुसार जांच से प्रथम दृष्टया सामने आया कि शराब में पानी मिलाकर उसे तैयार किया जा रहा था। आरोप है कि पुराने ढक्कन और क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर नई एवं खाली बोतलों में जल-मिश्रित शराब भरकर उसे असली शराब के रूप में ग्राहकों को बेचा जा रहा था। इससे जहां सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका थी, वहीं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवी पुत्र विरेन्द्र कुमार, निवासी करमापुर माफी, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत तथा मनोज पाल पुत्र अहिबरन लाल, निवासी उनौती, थाना टडियावा, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। इस मामले में थाना दुधारा पर मु0अ0सं0 347/26 के तहत धारा 318, 319 बीएनएस एवं 60/64 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष दुधारा अमित कुशवाहा के नेतृत्व में की गई।
*बरामदगी*
👉51 अदद बोतल, अद्धा एवं पौवा जल-मिश्रित संदिग्ध मदिरा।
👉28,212 रुपये नकद।
👉पुराने ढक्कन एवं क्यूआर कोड के इस्तेमाल का आरोप।
👉02 अभियुक्त गिरफ्तार






