(ब्यूरो) अमरनाथ | बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज़

सिंगाही खुर्द, संपूर्णानगर में श्री बालाजी मंदिर सेवा ट्रस्ट एवं श्री बालाजी धाम सुंदर मंडल द्वारा बुधवार, 1 अप्रैल को श्री बालाजी महाराज के तृतीय जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूरे नगर में भ्रमण करते हुए भक्तिमय वातावरण का सृजन करती रही।
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। डीजे पर बज रहे भक्ति भजनों पर युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे माहौल और भी उल्लासपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं प्रधान पद के प्रत्याशी मंटू गुप्ता ने सेवा भाव का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं को पानी, आइसक्रीम और बिस्किट वितरित किए। वहीं महेश गुप्ता ने भी केले बांटकर सेवा कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता गजेंद्र सिंह की उपस्थिति भी रही।
महिलाओं ने सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश देते हुए आयोजन में अपनी अहम भूमिका निभाई। नगर की विभिन्न गलियों में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए गए, जिससे शोभायात्रा की भव्यता और बढ़ गई।
इस दौरान संपूर्णानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान, महामंत्री कुलदीप बरार एवं पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मद्धेशिया ने भी प्रसाद वितरण कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। उनकी सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।





