
बस्ती। विकास कार्यों की मंडलीय मासिक समीक्षा बैठक मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गुरुवार को आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मंडल के तीनों जनपदों बस्ती, संत कबीर नगर व सिद्धार्थनगर में संचालित विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। जिन परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनकी बाधाओं का तत्काल निस्तारण कर तेजी लाई जाए। गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। संबंधित अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करें।
बैठक में दशमोत्तर छात्रवृत्ति, दैनिक विद्युत आपूर्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, बीज वितरण, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, एंबुलेंस 102, जननी सुरक्षा, दुग्ध मूल्य भुगतान, आधार सीडिंग, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह सहित दर्जनों योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आपसी समन्वय से कार्य करने, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की प्रगति केवल कागजी रिपोर्टों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ आमजन को धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसके साथ ही राजस्व वसूली और आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी व आईजीआरएस का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी संत कबीर नगर आलोक कुमार, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., सीडीओ सार्थक अग्रवाल सहित मंडल के सभी मंडलीय व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






