- ब्यूरो रिपोर्ट: अमरनाथ | बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज़


ब्यूरो रिपोर्ट: अमरनाथ | बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज़
संपूर्णानगर, खीरी।
नेपाल बॉर्डर से सटे मिर्चिया एसएसबी कैंप में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसएसबी के आईजी अनिल कुमार शर्मा ने की, जिसमें ग्रामीणों एवं पत्रकारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर रोक लगाना और युवाओं को इससे दूर रखने के उपायों पर चर्चा करना रहा। आईजी शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और नशा तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करें।पत्रकारों ने भी अपने सुझाव रखते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से खेलकूद एवं जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव-गांव में अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नेपाल बॉर्डर से सटे होने के कारण क्षेत्र में नशा तस्करी की चुनौती अधिक है। इसे देखते हुए एसएसबी और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। आईजी ने कमांडेंट राजेश कुमार राजेश्वरी को नशा तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। मिर्चिया के प्रधान कुलदीप सिंह, रामदुलारे यादव, सुक्खू सिंह, शिव प्रकाश और जगजीत सिंह जग्गी ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाने एवं कच्चे रास्तों को पक्का करने की मांग की। गदनिया एसएसबी कैंप इंचार्ज विनोद खोजा ने किसानों की समस्याओं की पुष्टि की।आईजी शर्मा ने बताया कि बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा तथा एसएसबी की भर्ती मेरिट के आधार पर की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया जाएगा। भारत-नेपाल के मैत्री संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आवाजाही के विशेष प्रावधान हैं, लेकिन सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अंत में आईजी शर्मा ने सभी से अपील की कि समाज की भागीदारी से ही नशे जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इस दौरान ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह, रामनाथ निषाद, आनंद पांडे, दीदार सिंह, शिक्षक आशीष मिश्रा, कमलेश, पज्जी, लालू सहित क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीण मौजूद रहे।





