
संत कबीर नगर। कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत रहे अस्थायी, अल्पकालिक, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मियों से पुनः कार्य लिए जाने के संबंध में शासन के निर्देशों के क्रम में दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने संबंधित कर्मियों से आवश्यक अभिलेख निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराने की अपील की है।
सीएमओ ने बताया कि कोविड-19 ईसीआरपी-1 सहित विभिन्न वित्तीय स्रोतों से कार्यरत रहे ऐसे कोविड कर्मी, जिन्होंने महामारी के दौरान न्यूनतम तीन माह यानी 90 दिन कार्य किया है, उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना है। अटेण्डेंस मैनेजमेंट सिस्टम (एएमएस ऐप) पर अपंजीकृत कर्मियों के साथ ही पंजीकृत कर्मियों के अभिलेखों का भी सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कोविड-19 कर्मी अपने आवश्यक दस्तावेज स्वप्रमाणित कर 24 अगस्त 2026 को शाम 05:00 बजे तक मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के डिस्पैच अनुभाग में जमा कराएं।
आवश्यक दस्तावेज:-
स्वप्रमाणित समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्र, 02 फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक द्वारा प्रमाणित बैंक स्टेटमेंट, कोविड काल का आउटसोर्स एजेंसी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र तथा सक्षम अधिकारी सीएमओ/सीएमएस द्वारा निर्धारित प्रारूप में जारी अनुभव प्रमाणपत्र।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना संबंधित कोविड कर्मियों के लिए आवश्यक है।






