संत कबीर नगर।जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में पांच वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद प्रदेश शासन ने बलिराम यादव को जिला पंचायत प्रशासक का दायित्व सौंपा है। मंगलवार को दोपहर करीब 12:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने उन्हें विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
*”जनता की अपेक्षाओं का प्रतीक है यह जिम्मेदारी”*
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बलिराम यादव ने कहा कि यह उनके लिए केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जिले की जनता की अपेक्षाओं और प्रदेश सरकार के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में पिछले पांच वर्षों में उन्हें जिले के हर वर्ग का स्नेह और सहयोग मिला। बुजुर्गों के आशीर्वाद, युवाओं के विश्वास तथा आमजन के समर्थन ने उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जताया गया भरोसा उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला पंचायत प्रशासक के रूप में भी विकास कार्यों की गति बनाए रखते हुए जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
बलिराम यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना होगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत कबीर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। विकास की यह यात्रा पहले की तरह निरंतर जारी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।जिलाधिकारी द्वारा कार्यभार ग्रहण कराए जाने के साथ ही जिला पंचायत के प्रशासनिक कार्यों में नई व्यवस्था लागू हो गई है। शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने तथा जनहित के कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।






