पुलिया निर्माण न होने से गन्दे पानी में होकर निकलने को विवश है ग्रामीण किया प्रदर्शन 
नाला निर्माण हुआ पर पुलिया नही बनाया गया, वर्षों पुराना नाला बना समस्या का कारण
बहराइच। जिले के विकास खण्ड नवाबगंज के ग्राम पंचायत मिर्जापुर तिलक में छोटे भुजवा के घर के पास वर्षों पूर्व नाले का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन आज तक उस पर पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। पुलिया के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे इसराइल खां,मैहसर बेग, आमिर खान, फिरोज खान, नबी अहमद, हसनैन आदि ग्रामीणों का कहना है कि नाला बनने के बाद से ही पुलिया निर्माण की मांग लगातार की जाती रही है, लेकिन संबन्धित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने पोर्टल पर भी दर्ज कराई है।बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब नाले में पानी भर जाने के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय जाने वाले बच्चों, किसानों तथा बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों ने अधिकारियों से पुलिया निर्माण की मांग की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके और वर्षों पुरानी इस समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र पुलिया निर्माण नहीं कराया गया तो वे संबन्धित अधिकारियों से मिलकर आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। गांववासियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।






