- सोनाडीह मंदिर में चैन चोरी का खुलासा अब तक नहीं, सुरक्षा पर उठे सवाल।
बिल्थरारोड के सोनाडीह स्थित मां बागेश्वरी परमेश्वरी मंदिर में पिछले साल चैत्र नवरात्रि के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चैन चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। हैरानी की बात यह है कि ये घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक पुलिस इन मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है।
इन्हीं घटनाओं में स्थानीय निवासी वार्ड नंबर 3 के सभासद निलेश दीपू की माता जी के गले से भी सोने की चैन चोरी हो गई थी, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इस मामले को लेकर परिवार और क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में अगर पुलिस द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई और कर्मियों को अलर्ट नहीं रखा गया, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी मजबूत की जाए और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दर्शन कर सकें।





