बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज
देवरिया पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री सुनील कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी यातायात श्री सतेन्द्र कुमार राय व यातायात प्रभारी श्री गुलाब सिंह के कुशल नेतृत्व में आज दिनांक 31.12.2025 को जनपद देवरिया में यातायात कार्यालय देवरिया पर यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मूक–बधिर युवती शानवी द्वारा मूक–बधिर लोगों को यातायात नियमों के संबंध में संकेत भाषा के माध्यम से जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम समाज के उस वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिन्हें सामान्य माध्यमों से यातायात नियमों की जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई होती है।कार्यक्रम के दौरान शानवी ने सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, गति सीमा तथा सुरक्षित वाहन संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संकेतों के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। 
इसके पश्चात यातायात पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि यदि किसी वाहन के आगे–पीछे या हेलमेट पर कान का प्रतीक चिन्ह लगा हो, तो यह पहचान की जा सके कि वह वाहन मूक–बधिर व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। ऐसे वाहनों के निकट अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करने तथा अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई।
यातायात पुलिस देवरिया ने आम नागरिकों से अनुरोध किया कि वे सड़क पर सभी वर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें और यातायात नियमों का पालन कर एक सुरक्षित व संवेदनशील समाज के निर्माण में सहयोग करें। यह अभियान सड़क सुरक्षा के साथ–साथ सामाजिक समावेशन की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
हेमन्त कुशवाहा (देवरिया)





