नवाबगज-बहराइच। जनपद बहराइच के थाना नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जानकी गांव (होलिया) में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले में इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मेले में लगाए गए बड़े झूले और नावें सुरक्षा मानकों को पूरी तरह दरकिनार करते हुए संचालित की जा रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, मेले में जादू शो और डांस पार्टी जैसी गतिविधियाँ भी बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के खुलेआम चल रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मेला समिति की ओर से मनोरंजन के नाम पर अनेक आयोजन कराए जा रहे हैं, लेकिन उनमें सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं हैं। एक ग्रामीण ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि झूला और नाव दोनों ही बिना किसी सुरक्षा बेल्ट व बैरिकेडिंग के चल रहे हैं, प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भीड़भाड़ वाले इस मेले में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु कार्तिक स्नान के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए, क्योंकि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने का कोई औचित्य नहीं रहेगा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिना अनुमति चल रहे आयोजनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।







