भारत नेपाल सीमा पर पच्चीस ग्राम स्मैक तस्कर गिरफ्तार
संवाददाता धीरेन्द्र कुमार शर्मा
नानपारा। बहराइच 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल कमान्डेंट के कुशल निर्देशन में भारत नेपाल सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया गया जहां इस अभियान के दौरान सशस्त्र सीमा बल एवं थाना मोतीपुर की संयुक्त टीम ने पच्चीस ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी नेपाली नागरिक गिरफ्तार। 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी लौकाही एवं थाना मोतीपुर पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त के दौरान अचकवा-बालाईगांव मार्ग पर भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 667/1 के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति को आते हुए एसएसबी व पुलिस संयुक्त टीम द्वारा देखा गया जिसका व्यवहार असामान्य एवं घबराया हुआ था। पूर्व प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उसे रोककर पूछताछ की तथा विधिसम्मत तलाशी ली।तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति के कब्जे से लगभग पच्चीस ग्राम स्मैक एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मणिराम थापा उर्म लगभग 23 वर्षीय पुत्र तुले थापा, निवासी ग्राम बैजनाथ, वार्ड संख्या दो जिला बांके राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में देहरादून, उत्तराखंड में मजदूरी का कार्य करता है तथा बालाईगांव क्षेत्र से किसी अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया था और उसने यह भी स्वीकार किया कि बरामद मादक पदार्थ का कुछ भाग उसके स्वयं के उपभोग हेतु था तथा कुछ मात्रा वह देहरादून निवासी एक व्यक्ति को देने वाला था। बरामद मादक पदार्थ की पुष्टि एसएसबी के प्रशिक्षित एनडी डॉग “मिचू” द्वारा भी की गई।मादक पदार्थ की बरामदगी एवं अवैध परिवहन को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गई। गिरफ्तार आरोपी, बरामद स्मैक एवं अन्य जब्त सामग्री को अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु थाना मोतीपुर को अग्रिम कार्यवाही के लिए सुपुर्द किया गया ।







