
संत कबीर नगर। जनपद में विकास खंड सेमरियावां के पंचायत सहायकों ने मंगलवार को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सेमरियावां को ज्ञापन सौंपकर पशुपालन विभाग के एन.डी.एल.एम. आईडी एवं अन्य कार्य पंचायत सहायकों से न कराए जाने की मांग की। पत्र में पंचायत सहायकों ने लिखा है कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयुष्मान कार्ड (ई-केवाईसी), फैमिली आईडी, ऑनलाइन सेवाओं तथा ग्राम पंचायत सचिवालय संचालन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य पहले से ही किए जा रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त विभागीय कार्य सौंपे जाने से पंचायत सहायकों पर कार्य का अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। पंचायत सहायकों का कहना है कि बिना किसी अतिरिक्त मानदेय एवं तकनीकी प्रशिक्षण के पशुपालन विभाग एन.डी.एल.एम. आईडी का कार्य सौंपा जाना उचित नहीं है। इससे उनके मूल शासकीय दायित्व भी प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने मांग की है कि पंचायत सहायकों को पशुपालन विभाग एन.डी.एल. एम. आईडी के कार्यों से मुक्त रखा जाए तथा इस संबंध में उन पर अतिरिक्त दबाव न बनाया जाए। इस दौरान मांग पर विचार नहीं होने की स्थिति में पंचायत सहायकों ने पशुपालन विभाग के कार्यों का बहिष्कार करने की बात कही। इस दौरान रिजवानुल हक, दानिश, मो.तारिक, सूरज,विजय कुमार, रामभवन,आसिफ,फैजान अहमद, आशीष कुमार, जनार्दन,गिरजा शंकर, पुष्पा कुमारी, सपना कुमारी,रूमा, फूलवंती,विद्यावती, प्रियंका,पूनम कुमारी, शीलावती समेत अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।






