खेत में गन्ना छिल रहे मजदूर पर बाघ का हमला, गंभीर घायल
संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)।
वन रेंज संपूर्णानगर अंतर्गत सुमेरपुर गांव के निकट स्थित एक बगिया में गन्ना छिल रहे मजदूर पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरी निवासी हरिहर सोमवार दोपहर लगभग 2:45 बजे सौदागर सिंह के खेत में गन्ना छिल रहे थे। तभी अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में मजदूर के सिर पर गंभीर चोट आई है। आसपास मौजूद अन्य मजदूरों के शोर मचाने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया।
घायल हरिहर को तत्काल उपचार के लिए पलिया ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वन विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बाघ की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे खेतों में काम करना भी जोखिम भरा हो गया है।
बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज़ ब्यूरो
अमरनाथ, लखीमपुर खीरी





