ग्राम भरथापुर का जिलाधिकारी ने किया भ्रमण
ग्रामवासियों से किया संवाद, बच्चों से हुए रू-ब-र
बहराइच। तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) अन्तर्गत कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार के बीच घने जंगलों में बसे जिले के दूरस्थ ग्राम भरथापुर का जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने भ्रमण किया। ग्राम भरथापुर पहुंचने पर जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि आप लोगों के विस्थापन हेतु युद्ध स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। डीएम ने ग्रामवासियों को बताया कि ग्राम सेमरहना में विस्थापन के लिए अधिकारियों की टीम लगी हुई है। श्री त्रिपाठी ने ग्रामवासियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो ग्रामवासी छूट गये हैं उनके अभिलेख भी एकत्र कर लिये जायें। ग्राम भ्रमण के दौरान डीएम ने अपने आस-पास एकत्र हुए बच्चों को भी निराश न करते हुए उनकी दिनचर्या, खेल कूद व पढ़ाई के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें जीवन में सफलता के लिए टिप्स भी दिये। डीएम श्री त्रिपाठी ने ग्राम भरथापुर वासियों के आधार अपडेशन के लिए लगाये गये शिविर का भी निरीक्षण कर दोनों टीम लीडरों से संचालित गतिविधि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी मिहींपुरवा विनोद यादव, तहसीलदार मिहींपुरवा धमेन्द्र, वन क्षेत्राधिकारी कतर्नियाघाट आशीष गौड, नायब तहसीलदार राजदीप यादव व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।





