भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” ने उठाई ‘सोनार आयोग’ के गठन की मांग।

बलिया : बिल्थरारोड में भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” ने सोनार समाज के हितों की रक्षा के लिए मोर्चा खोल दिया है। बलिया जनपद के बिल्थरा रोड नगर निवासी यशवीर सिंह ने अपनी ही सरकार से देश भर के स्वर्णकारों के साथ हो रहे अन्याय को रोकने के लिए सोनार आयोग बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें की हैं। मोहन मार्केट स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने स्वर्णकार समाज की सुरक्षा और व्यवसायिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा किया। और देश में लगभग 1 करोड़ से अधिक सोनार समाज के लोग हैं। उनके साथ हो रही अन्यायपूर्ण घटनाओं और उत्पीड़न को रोकने के लिए एक समर्पित आयोग की तत्काल आवश्यकता है। स्वर्णकार समाज की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, व्यापारियों के लिए शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए ताकि वे अपनी और अपनी संपत्ति की रक्षा कर सके। और ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर बिकने वाली ज्वेलरी के नियमों को कड़ा किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े ई-कॉमर्स पोर्टल्स की वजह से छोटे और मझोले स्वर्णकारों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। वहीं BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 411, 412 और 317 के तहत नियमों में ढील की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि चोरी का सामान खरीदने के आरोप में महज संदेह के आधार पर तुरंत गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए, बल्कि पहले पूरी जाँच हो और उसके बाद ही कोई दंडात्मक कदम उठाया जाए। गौरतलब है कि यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए भी जोरदार तरीके से आवाज उठाई थी। सोनार समाज परंपरागत रूप से देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहा है, लेकिन आज वही असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार को उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। – यशवीर सिंह वर्मा”रिंकू”






