खमरिया चौराहे पर चाचा ने भतीजे को मारी गोली मौके पर मौत।
बेनकाब भ्रष्टाचार ब्यूरो खीरी
- विपिन सिंह
लखीमपुर खीरी। थाना खमरिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत खमरिया पंडित में चाचा ने भतीजे को गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना खमरिया चौराहे स्थित राम जानकी मंदिर के पास हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान टिल्लू अवस्थी पुत्र प्रदीप अवस्थी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ओ.पी. राय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की घेराबंदी की और साक्ष्य एकत्र किए। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह भी अपने दल-बल सहित मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद क्षेत्र में सन्नाटा और दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आपसी कहासुनी के बाद गोली चलाई गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





