उत्तर प्रदेश में नवंबर माह का निःशुल्क राशन वितरण शुरू,
8 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा वितरण अभियान।
ब्यूरो खीरी बेनकाब भ्रष्टाचार
विपिन सिंह 
जिला क्राइम ब्यूरो अमरनाथ की रिपोर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नवंबर महीने के निःशुल्क राशन वितरण की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, राशन वितरण कल शनिवार, 8 नवंबर 2025 से शुरू होकर 25 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। विभाग ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) को वितरण कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
राशन का वितरण ई-पॉस (e-POS) मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण द्वारा किया जाएगा। जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है, वे अंतिम तिथि (25 नवंबर) को मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए राशन प्राप्त कर सकेंगे।
अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल (कुल 35 किलो) निःशुल्क दिया जाएगा।
पात्र गृहस्थी (पीएचएच) कार्डधारक परिवारों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल (कुल 5 किलो) निःशुल्क मिलेगा।
कोटेदारों को अपनी दुकानों को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक खोलने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सभी लाभार्थी आसानी से अपना राशन प्राप्त कर सकें।
जिन कार्डधारकों ने अभी तक अपने परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें यह कार्य नवंबर माह में अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि केवाईसी समय पर पूरी नहीं की गई तो दिसंबर से राशन सूची से नाम हटाए जा सकते हैं।
सभी कार्डधारक निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन प्राप्त करें। किसी भी लापरवाही या अनियमितता की शिकायत मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।





