बेनकाब भ्रष्टाचार न्यूज (BBN)
देवरिया दिनांक 19.04.2026 को अक्षय तृतीया पर्व के दृष्टिगत जनपद देवरिया में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर द्वारा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर श्री मनोज कुमार एवं थाना सलेमपुर पुलिस बल के साथ आज कस्बा क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कस्बे के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों—ओवर ब्रिज, सोहनाग मोड़, एसबीआई बैंक, बापू इण्टर कालेज, सलहाबाद एवं सुगही सहित विभिन्न मार्गों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया गया। पैदल गश्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्मता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें, सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। साथ ही उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे समूचे समाज में अनुशासन एवं व्यवस्था भी बनी रहती है।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना सलेमपुर थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की सतत निगरानी कर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना के प्रसार को तत्काल रोका जाए।
पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना, अपराध एवं अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। इस प्रकार के अभियान से न केवल कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि जनता का पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।
हेमन्त कुशवाहा (सह मंण्डल प्रभारी)





